छत्तीसगढ़

राजधानी में 5 मई से शुरू होगा हज़रत चांद शाह वली का उर्स

रायपुर, 4 मई 2026। राजधानी रायपुर के नलघर चौक स्थित हज़रत सैयद चांद शाह वली रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर सालाना उर्स पाक का आयोजन 5 मई से शुरू होगा। हर साल की तरह इस वर्ष भी उर्स बड़े ही अकीदत और शानो-शौकत के साथ मनाया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन 7 मई तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल होंगे।

उर्स की शुरुआत 5 मई को शाही संदल और चादर जुलूस के साथ होगी। यह जुलूस नमाज़-ए-ज़ोहर के बाद आस्ताने से निकलेगा और शहर का गश्त करते हुए मजार शरीफ पहुंचेगा। असर की नमाज़ के बाद चादरपोशी की रस्म अदा की जाएगी, जिसके बाद दुआ-ए-खैर और तबर्रुक वितरण होगा। शाम को नमाज़-ए-मगरीब के बाद दरबारी कव्वाल अपनी पेशकश देंगे, वहीं रात में उलेमाओं की तकरीर आयोजित की जाएगी।

6 मई को शाम में समा महफिल का आयोजन होगा, जिसमें कव्वाली के जरिए सूफियाना रंग बिखेरा जाएगा। वहीं उर्स के अंतिम दिन 7 मई को सुबह 10 बजे कुल शरीफ की फातिहा दी जाएगी और इसके बाद आम लंगर का आयोजन किया जाएगा।

पूरे उर्स के दौरान नातख्वानी और तकरीर के कार्यक्रम भी लगातार चलते रहेंगे। दरगाह के खादिम शेख शमीम, शेख रहीम और शेख निजाम ने श्रद्धालुओं से उर्स में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button