पाइप गोदाम में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

बलौदाबाजार, 6 मई 2026। जिले के भाटापारा शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडी रोड स्थित एक पाइप गोदाम में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में काले धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मंडी रोड पर अनिल साहू के पाइप गोदाम में प्लास्टिक पाइप और बोरवेल से संबंधित सामग्री रखी हुई थी। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



