Uncategorized

राजधानी में बम बनाने का सामान मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

मितानिन के घर रखे बैग से डेटोनेटर, कैमिकल और वायर बरामद; कांग्रेस नेता के रिश्तेदार पर शक

रायपुर, 7 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। बैग में डेटोनेटरनुमा सामान, कैमिकल, वायर, बैटरी और एयरगन मिलने के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

घटना रविशंकर शुक्ल वार्ड स्थित रावाभाठा इलाके की है। पुलिस के अनुसार यह बैग मितानिन पुष्पा साहू के घर में रखा गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुधवार शाम बीरगांव निवासी विनय देवांगन नाम का युवक बैग लेकर घर पहुंचा था। उसने कुछ देर के लिए बैग रखने की बात कही और बाद में लेने आने की बात कहकर वहां से चला गया।

बैग को लेकर संदेह होने पर मितानिन ने इसकी जानकारी वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को दी। पार्षद पहले रात में मौके पर पहुंचे और सुबह जांच करने की बात कही। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैग खोला गया तो अंदर संदिग्ध सामान देखकर सभी के होश उड़ गए। बैग में एयरगन, बैटरी, वायर, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर जैसे उपकरण मिले, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई और संदिग्ध सामग्री को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। जांच एजेंसियां इस एंगल पर भी काम कर रही हैं कि कहीं किसी बड़ी घटना की साजिश तो नहीं रची जा रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, जिस विनय देवांगन का नाम सामने आ रहा है, वह कथित तौर पर एक कांग्रेस नेता का रिश्तेदार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी में जुटी हुई है।

मौके पर मौजूद फॉरेंसिक टीम ने बैग और उसमें मौजूद सभी वस्तुओं के सैंपल जुटाए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वालों की जानकारी मिल सके।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे गंभीर सुरक्षा चूक मान रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button