छत्तीसगढ़

खाना बनाते समय फटा गैस सिलेंडर: 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत

दुर्ग, 12 मई 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। वार्ड नंबर 4 स्थित खपरी रोड के एक मकान में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे पूरे घर में आग फैल गई। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों तक उसकी आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद मकान से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिसे देखकर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। घर के भीतर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी (17 वर्ष) और गोपिका (2 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय सभी लोग घर के अंदर मौजूद थे और आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button