छत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर सेवा, समर्पण और करुणा का सम्मान

रायपुर, 12 मई 2026। अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन, रायपुर द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली नर्सों को सम्मानित किया गया। 12 मई को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न अस्पतालों और क्लीनिकों की 11 नर्सों को उनके समर्पण, सेवा भावना और मरीजों की देखभाल में निभाई जा रही अहम भूमिका के लिए प्रशस्ति पत्र एवं कॉफी मग भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह संबंधित अस्पतालों और क्लीनिकों के वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति में आयोजित किया गया। शुभ हॉस्पिटल से डॉ. विवेक गोयल, मेट क्लिनिक से डॉ. विवेक लाठ एवं श्री अमरीश चौधरी, तथा भीमसेरिया हॉस्पिटल से डॉ. स्वाति कोशले ने कार्यक्रम में मौजूद रहकर नर्सिंग स्टाफ के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहती हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुधा सोसाइटी फाउंडेशन के चेयरमैन श्री जी. के. भटनागर ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ केवल चिकित्सा व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि मरीजों के लिए भरोसे और संवेदना का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य सेवा में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अपरिहार्य है। उनकी करुणा, समर्पण और चौबीसों घंटे की सेवा रोगी देखभाल की रीढ़ है।”

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नर्सों के सेवा भाव को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। फाउंडेशन की इस पहल को स्वास्थ्य कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना गया।

Related Articles

Back to top button