छत्तीसगढ़बिज़नेस

सोने पर बढ़ी ड्यूटी से घरेलू बाजार और रीसाइक्लिंग को मिलेगा बढ़ावा : सराफा एसोसिएशन

रायपुर, 13 मई 2026। केंद्र सरकार द्वारा सोने पर आयात शुल्क (इंपोर्ट ड्यूटी) को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के फैसले का रायपुर सराफा एसोसिएशन ने स्वागत किया है। एसोसिएशन का मानना है कि इस कदम से देश में सोने की अनावश्यक खरीद पर नियंत्रण लगेगा और घरेलू बाजार को मजबूती मिलेगी।

रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धरम भंसाली और सचिव जितेन्द्र गोलछा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में आम जनता से सात प्रमुख बिंदुओं पर अपील की थी, जिसमें जरूरत के अनुसार ही सोने की खरीद करने पर विशेष जोर दिया गया था। उनका मानना है कि इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से विदेशों से आयात होने वाले सोने की मात्रा में कमी आएगी।

एसोसिएशन के अनुसार, पिछले दो वर्षों में लोगों का रुझान सोना-चांदी को निवेश के रूप में खरीदने की ओर बढ़ा था। नई व्यवस्था के बाद इसमें कुछ कमी आने की संभावना है, जिससे बाजार में संतुलन बनेगा। साथ ही पुराने आभूषणों को बदलकर नए गहने बनवाने और गोल्ड रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा।

रायपुर सराफा एसोसिएशन ने कहा कि यदि यह व्यवस्था लंबे समय तक जारी रहती है तो सराफा कारोबारियों को लाभ मिलेगा और आम उपभोक्ताओं के लिए भी खरीदारी अधिक सुविधाजनक हो सकेगी। रायपुर सराफा एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि यह निर्णय आने वाले समय में भारतीय सराफा बाजार के लिए सकारात्मक साबित होगा।

Related Articles

Back to top button