मनोरंजन

सलमान खान के भांजे अयान ने ‘बंदर’ से किया हिंदी म्यूजिक डेब्यू

“सलमान खान के भांजे अयान अग्निहोत्री ने फिल्म ‘बंदर’ के गाने ‘कम ऑन बेबी’ से हिंदी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा है। बॉबी देओल स्टारर इस फिल्म के टीज़र में अयान की आवाज़ को काफी पसंद किया जा रहा है। निर्माता निखिल द्विवेदी के कहने पर अयान ने यह खास गाना रिकॉर्ड किया”

मुंबई, 15 मई 2026। बॉबी देओल स्टारर फिल्म ‘बंदर’ का बहुप्रतीक्षित टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपने इंटेंस विजुअल्स और अलग अंदाज की कहानी से दर्शकों का ध्यान खींचा है। हालांकि, टीज़र में इस्तेमाल किए गए गाने ‘कम ऑन बेबी’ ने भी लोगों के बीच खास चर्चा बटोरी है। खास बात यह है कि इस गाने को सलमान खान के भांजे अयान अग्निहोत्री ने अपनी आवाज दी है, जो उनका पहला हिंदी ट्रैक माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, निर्माता निखिल द्विवेदी ने अयान को यह गाना गाने के लिए राजी किया। बताया जा रहा है कि एक निजी कार्यक्रम में अयान की आवाज सुनने के बाद निखिल को लगा कि उनकी आवाज इस गाने के लिए बिल्कुल अलग और फिट बैठेगी। शुरुआत में अयान हिंदी में गाना गाने को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं थे, लेकिन निखिल के समझाने और भरोसा दिलाने के बाद वह तैयार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, गाने का स्क्रैच वर्जन सुनने के बाद खुद बॉबी देओल ने भी अयान की तारीफ की और उन्हें प्रोत्साहित किया। ‘कम ऑन बेबी’ दरअसल 1977 की फिल्म ‘विदेश’ के एक पुराने गीत का रीक्रिएटेड वर्जन है, जिसे आदित्य देव और पायल देव ने नए अंदाज में तैयार किया है।

फिल्म ‘बंदर’ में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आज़ाद, ऋद्धि सेन और जितेंद्र जोशी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी शोहरत, स्कैंडल और एक अभिनेता के पतन के इर्द-गिर्द घूमती है।

निखिल द्विवेदी के सैफ्रन मैजिकवर्क्स और ज़ी स्टूडियोज के सहयोग से बनी ‘बंदर’ 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button