छत्तीसगढ़

राजधानी में बमबाजी से दहशत, पुरानी दुश्मनी में घर को बनाया निशाना

रायपुर, 25 मई 2026। राजधानी के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित वीर सावरकर नगर, हीरापुर में आधी रात को बमबाजी से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि आपसी रंजिश के चलते सोनू पटेल और उसके साथियों ने रिंकू तिवारी के घर पर बम फेंककर हमला किया और इसके बाद चाकू लहराते हुए मोहल्ले में दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना में कुछ नकाबपोश युवतियों के शामिल होने की बात भी सामने आई है।

क्या है मामला?
पीड़िता रिंकू तिवारी के अनुसार, उनके बेटे शुभम तिवारी और आरोपी सोनू पटेल के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब छह महीने पहले शुभम पर सोनू पटेल की नाबालिग बहन से छेड़छाड़ का आरोप लगा था, जिसके बाद वह जेल गया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। इसी मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

बताया गया कि घटना रात करीब 12 बजे की है, जब सोनू पटेल अपने साथियों के साथ रिंकू तिवारी के घर पहुंचा और अचानक बम फेंककर हमला कर दिया। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। आरोप है कि हमले के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर के बाहर चाकू लहराते हुए धमकी देने लगे, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों में कुछ नकाबपोश लड़कियां भी शामिल थीं, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने रिंकू तिवारी की शिकायत पर सोनू पटेल और उसके साथियों के खिलाफ बमबाजी, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Related Articles

Back to top button