‘नागाबंधम’ में ऋषभ साहनी का खौफनाक अवतार, आवाज़-अंदाज़ से कांपेंगे थिएटर्स

मुंबई, 28 मई 2026। Nagabandham को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह बने हैं अभिनेता ऋषभ साहनी, जो फिल्म में क्रूर ऐतिहासिक शासक अहमद शाह अब्दाली के किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ऋषभ ने इस किरदार को पर्दे पर जीवंत बनाने के लिए सिर्फ लुक्स ही नहीं, बल्कि अपनी आवाज़ पर भी खास मेहनत की है।
बताया जा रहा है कि ऋषभ साहनी फिल्म के हिंदी और तेलुगु दोनों संस्करणों में खुद डबिंग कर रहे हैं। किरदार की गंभीरता और खौफ को बरकरार रखने के लिए उन्होंने अपनी आवाज़ के बेस, टोन और संवाद अदायगी पर महीनों काम किया है। मेकर्स का मानना है कि बड़े पर्दे पर उनकी दमदार आवाज़ दर्शकों के लिए अलग अनुभव साबित होगी।
फिल्म में ऋषभ साहनी का ट्रांसफॉर्मेशन पहले ही चर्चा में है। अभिनेता ने इस रोल की तैयारी के लिए करीब एक साल तक तलवारबाजी की ट्रेनिंग ली और पश्तो भाषा भी सीखी, ताकि किरदार को पूरी वास्तविकता के साथ निभाया जा सके।
फिल्म की सबसे दिलचस्प बात ऋषभ साहनी का डबल रोल बताया जा रहा है। एक ओर वे अहमद शाह अब्दाली के ऐतिहासिक किरदार में दिखाई देंगे, वहीं दूसरी तरफ उसी किरदार के आधुनिक पुनर्जन्म के रूप में भी नजर आएंगे। दो अलग-अलग समय और व्यक्तित्व वाले किरदारों को निभाना अभिनेता के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
Fighter में अपने विलेन अवतार से पहचान बनाने वाले ऋषभ साहनी अब Nagabandham के जरिए बड़े स्तर पर दर्शकों के सामने आने की तैयारी में हैं। फिल्म को एक भव्य एक्शन ड्रामा माना जा रहा है, जिसमें इतिहास, एक्शन और रहस्य का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा।



