छत्तीसगढ़

टेबल के नीचे घूस, कैमरे में कैद हुआ पटवारी का खेल…

कोरबा, 29 मई 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्वतखोरी का एक मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। पसान तहसील में पदस्थ एक पटवारी का किसान से घूस लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पिपरिया हल्के का है। यहां पदस्थ पटवारी विनोद अग्रवाल पर आरोप है कि उसने एक किसान से वन पट्टा ऑनलाइन दर्ज करने के नाम पर 5 हजार रुपये और फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी। किसान लंबे समय से अपने काम के लिए दफ्तर के चक्कर काट रहा था।

बताया जा रहा है कि किसान ने मजबूरी में रिश्वत की रकम देने का फैसला तो किया, लेकिन साथ ही भ्रष्टाचार को उजागर करने की ठान ली। उसने मोबाइल कैमरा चालू कर पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। वायरल वीडियो में पटवारी को टेबल के नीचे से पैसे लेते और नोट गिनते साफ देखा जा सकता है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया। पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर पटवारी विनोद अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में छोटे-छोटे कामों के लिए भी रिश्वत मांगना आम बात हो गई है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है।

Related Articles

Back to top button