छत्तीसगढ़

PMGSY की आड़ में अवैध उत्खनन, वन विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल…

बीजापुर, 9 जून 2026। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बीजापुर विकासखंड की तुमनार पंचायत में निर्माणाधीन सड़क परियोजना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के नाम पर जंगल क्षेत्र में अवैध मुरुम उत्खनन और पर्यावरणीय नुकसान के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, LO58-LO120 तराईपारा से तुमनार तक करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण चल रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य कर रही सुकमा की कंस्ट्रक्शन कंपनी एसजेएच (SJH) द्वारा वन भूमि और तालाब की मेड़ के किनारे से बिना अनुमति बड़े पैमाने पर मुरुम निकाला जा रहा है। इससे वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचने के साथ ही पेड़-पौधों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि सड़क निर्माण के लिए जंगल क्षेत्र से लगातार मुरुम उत्खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र के वन और पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच सकती है।

मामले में वन विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। कथित अवैध उत्खनन और वन क्षेत्र को हो रहे नुकसान के बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। वन संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्क्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, वन विभाग की कार्रवाई और पेनल्टी से बचने के लिए अब दिन के बजाय रात के अंधेरे में जंगल क्षेत्र से मुरुम निकालने का काम किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब निगाहें प्रशासन और वन विभाग पर टिकी हैं कि वे इन आरोपों की जांच कर क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button