छत्तीसगढ़

भक्तांबर विधान के साथ बड़ा मंदिर में नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार

रायपुर, 14 जून 2026। आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ), मालवीय रोड में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह एवं भक्तांबर विधान का भव्य आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मूलनायक आदिनाथ भगवान की बेदी के समक्ष भक्तांबर विधान से हुई। सुबह प्रभु का अभिषेक, शांतिधारा और आरती के बाद मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।

समारोह में सकल दिगंबर जैन समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न जैन मंदिरों के प्रतिनिधि, ट्रस्टीगण एवं समाज के गणमान्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को विधिवत पदभार सौंपा गया और सभी पदाधिकारियों का श्रीफल, तिलक एवं गमछा भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यवाहक मैनेजिंग ट्रस्टी सनत कुमार जैन तथा ट्रस्टी प्रभात जैन, संजय जैन (सतना) और भरत भोरावत जैन सहित ट्रस्ट मंडल ने नई टीम को जिम्मेदारियां सौंपी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय जैन नायक, सचिव आनंद जैन रानू, कोषाध्यक्ष दिलीप जैन, उपाध्यक्ष नीरज जैन, श्रद्धेय जैन विक्की, बंशीलाल जैन, सह-सचिव शैलेन्द्र जैन और मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंदिर विकास एवं समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक मैनेजिंग ट्रस्टी सनत जैन ने कहा कि पद केवल जिम्मेदारी का प्रतीक है और मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना ही प्राथमिक लक्ष्य रहेगा। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने भी नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

समारोह के अंत में समाजजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। आयोजन में महिला, पुरुष और युवा वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

Related Articles

Back to top button