छत्तीसगढ़

आशीर्वाद स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव के साथ नवनिर्मित कक्षों का लोकार्पण

रायपुर, 18 जून 2026। कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल द्वारा संचालित आशीर्वाद हायर सेकेंडरी इंग्लिश स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव एवं तीन जीर्णोद्धारित कक्षों के लोकार्पण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान विद्यालय के तीन नवीनीकृत कक्षों का लोकार्पण समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया। प्रथम कक्ष का उद्घाटन पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र पांडेय, द्वितीय कक्ष का लोकार्पण अध्यक्ष सुरेश मिश्रा तथा तृतीय कक्ष का उद्घाटन कोषाध्यक्ष शरद शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में समाज के सचिव राजकुमार दीक्षित ने मां सरस्वती की पूजा संपन्न कराई।

शाला प्रवेश उत्सव के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया। उन्हें अध्ययन सामग्री और मिष्ठान वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। आयोजन के दौरान बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल भवन के कक्षों के नवीनीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इन कक्षों में अध्ययन करने वाले विद्यार्थी भविष्य में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय और समाज का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राजकुमार दीक्षित, उपाध्यक्ष संजय अवस्थी, कोषाध्यक्ष शरद शुक्ला, सहसचिव अनुराग पांडेय, प्रमोद मिश्रा सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। नागपुर से विशेष रूप से विजय शुक्ला भी कार्यक्रम में शामिल हुए। विद्यालय की प्राचार्या साईबा खान, उप प्राचार्या रितिका दुबे एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button