‘PK’ में एलियन क्यों बना हीरो? राजकुमार हिरानी ने बताई दिलचस्प वजह

मुंबई, 19 जून 2026। बॉलीवुड के दिग्गज फिल्मकार राजकुमार हिरानी ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘PK’ में एलियन को मुख्य किरदार बनाने के पीछे की सोच का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि यह फैसला साइंस-फिक्शन का प्रभाव दिखाने के लिए नहीं, बल्कि धर्म और आस्था पर एक निष्पक्ष दृष्टिकोण पेश करने के लिए लिया गया था।
हाल ही में ‘वैरायटी इंडिया’ को दिए एक इंटरव्यू में हिरानी ने कहा कि उनकी सोच हॉलीवुड निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग से बिल्कुल अलग थी। स्पीलबर्ग जहां एलियन किरदारों के जरिए भव्य साइंस-फिक्शन दुनिया रचते हैं, वहीं उन्होंने ‘पीके’ में एलियन को उसकी मासूमियत और पूर्वाग्रहों से मुक्त नजरिए के कारण चुना।
धर्म और भगवान को समझने का नया नजरिया
राजकुमार हिरानी ने कहा कि यदि कोई एलियन पहली बार धरती पर आता है, तो उसे इंसानों की धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और भगवान को लेकर बने नजरियों के बारे में कुछ भी पता नहीं होगा। यही मासूमियत कहानी कहने का सबसे प्रभावी माध्यम बनी।
उन्होंने कहा, “अगर यही कहानी किसी तर्कवादी या पहले से राय बना चुके व्यक्ति के नजरिए से कही जाती, तो उसमें निष्पक्षता नहीं होती। लेकिन एक एलियन के जरिए हम धर्म और आस्था से जुड़े सवालों को बिना किसी पूर्वाग्रह के सामने रख सके।”
‘पीके’ बनी थी बड़ी ब्लॉकबस्टर
साल 2014 में रिलीज हुई ‘पीके’ में आमिर खान ने एक एलियन का किरदार निभाया था। फिल्म ने धर्म, आस्था और अंधविश्वास जैसे विषयों को मनोरंजक अंदाज में पेश किया और बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड सफलता हासिल की थी। यह भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है।
अब ओटीटी की दुनिया में नया कदम
‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’ और ‘संजू’ जैसी सफल फिल्में देने वाले राजकुमार हिरानी अब डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर भी कदम बढ़ा रहे हैं। उनकी प्रोडक्शन कंपनी राजकुमार हिरानी फिल्म्स जल्द ही वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के जरिए ओटीटी स्पेस में नई शुरुआत करने जा रही है।
हिरानी के इस खुलासे ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि ‘पीके’ का एलियन सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने का एक अनोखा माध्यम था।



