छत्तीसगढ़

स्कूल के बाहर खूनी संघर्ष: 11वीं के छात्र की मौत, साथी गंभीर

तिल्दा-नेवरा, 19 जून 2026। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा में स्कूली छात्रों के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। 11वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल दोनों छात्र सासाहोली स्थित सरस्वती स्कूल में 11वीं कक्षा में अध्ययनरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल परिसर के बाहर यह विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक छात्र ने पहले दूसरे पर चाकू से हमला किया। हमले के दौरान बचाव करते हुए दूसरे छात्र ने चाकू छीन लिया और पलटवार कर दिया। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को पहले मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायल छात्र के बयान के बाद पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इस मामले में कुछ अन्य छात्रों की भी भूमिका हो सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

इस घटना ने स्कूलों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और किशोरों में आक्रामक व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं मृतक छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button