राहुल गांधी के जन्मदिन पर NSUI के रक्तदान शिविर में उमड़ा युवाओं का उत्साह

रायपुर, 19 जून 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिवस को सेवा और समर्पण दिवस के रूप में मनाते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश NSUI के आह्वान पर रायपुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शंकर नगर स्थित राजीव भवन में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों युवाओं, छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रायपुर जिला NSUI अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में NSUI पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रक्तदान शिविर में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी विजय जांगिड, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी महामंत्री मलकीत गेंदु, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे तथा प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए रक्तदान को महादान बताया और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर प्रशांत गोस्वामी ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा युवाओं, सामाजिक न्याय और जनसेवा के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे हैं। उनके जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर जरूरतमंदों की मदद करने का प्रयास किया गया है, ताकि समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और NSUI पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।



