कोटा को मिला नगर पालिका का दर्जा, सरकार ने जारी की अधिसूचना

रायपुर, 21 जून 2026। बिलासपुर जिले के कोटा नगर पंचायत को आधिकारिक रूप से नगर पालिका का दर्जा मिल गया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव द्वारा की गई घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर राजपत्र में प्रकाशित कर दी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, नगर पंचायत कोटा का उन्नयन कर उसे नगर पालिका घोषित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान नगर पंचायत कोटा की सीमाएं ही नगर पालिका कोटा की सीमाएं मानी जाएंगी।
कोटा को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में शहरी विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं और विकास योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता भी साफ होगा।
गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पूर्व में कोटा को नगर पालिका बनाने की घोषणा की थी, जिसे अब औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।



