खबर का असर : 12 सड़कों का निरीक्षण पूरा, अब रातों-रात बन रहे बिल

बीजापुर, 27 जून 2026। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) में करोड़ों रुपये के लंबित भुगतान और 12 सड़कों को कागजों में पूर्ण दर्शाने के मामले को न्यूज़ भास्करम द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विभाग में गतिविधियां तेज हो गई हैं। मामला उजागर होने के बाद अधिकारी सड़क निर्माण कार्यों के निरीक्षण में जुट गए हैं और लंबित बिलों के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आई है।
जानकारी के मुताबिक मार्च से लंबित करोड़ों रुपये के भुगतान अब तेजी से जारी किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारी संबंधित सड़कों का मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का सत्यापन करने के बाद बिल तैयार कर रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि जिन 12 सड़कों को पहले पोर्टल पर पूर्ण दिखाकर भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई थी, उन्हें लेकर उठे सवालों के बाद विभाग अब सतर्क नजर आ रहा है। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि भुगतान से पहले निर्माण कार्यों की स्थिति स्पष्ट हो सके।
इस बीच पूर्णता प्रमाणपत्रों को लेकर उठे सवाल अभी भी कायम हैं। विभाग की इस सक्रियता के बावजूद यह चर्चा बनी हुई है कि क्या निरीक्षण के साथ-साथ कथित अनियमितताओं और भुगतान प्रक्रिया की भी गहन जांच की जाएगी।
फिलहाल विभाग भुगतान प्रक्रिया को गति देने में जुटा है, जबकि पूरे मामले पर प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



