भारतीय पौराणिक कथाओं के लिए एनीमेशन सबसे सशक्त माध्यम : राजामौली

मुंबई, 2 जुलाई 2026। भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल ‘बाहुबली’ अब एक नए रूप में दर्शकों के सामने आने जा रही है। ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ के जरिए इस भव्य दुनिया का विस्तार एनिमेशन के माध्यम से किया जा रहा है। हाल ही में 2026 के एनेसी एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म का वर्क-इन-प्रोग्रेस प्रेजेंटेशन पेश किया गया, जहां निर्देशक एस.एस. राजामौली ने भारतीय पौराणिक कथाओं और एनीमेशन को लेकर अपनी सोच साझा की।
राजामौली ने कहा कि ‘बाहुबली’ की दुनिया को विकसित करते समय उनकी टीम ने इतनी गहराई से काम किया कि फिल्मों की कहानी से इतर भी कई ऐसे किस्से तैयार हो गए, जो किसी बड़े सिनेमाई दृश्य से कम नहीं थे।
उन्होंने कहा, “हमने इस दुनिया और इसके किरदारों पर इतना काम किया कि कई ऐसी कहानियां सामने आईं, जो फिल्मों के कई दृश्यों से भी ज्यादा रोमांचक और नाटकीय थीं।”
भारतीय पौराणिक कथाओं पर बात करते हुए राजामौली ने कहा कि इनमें वर्णित अद्भुत संसार और अलौकिक पात्रों को सबसे प्रभावी ढंग से केवल एनीमेशन के माध्यम से ही जीवंत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, “भारतीय पौराणिक कथाएं अद्भुत और जीवंत कल्पनाओं से भरी हुई हैं। उन दुनियाओं और पात्रों को सही मायनों में केवल एनीमेशन के जरिए ही प्रस्तुत किया जा सकता है। ईशान शुक्ला वही फिल्मकार हैं, जिनका हमें इंतजार था, जो ‘बाहुबली’ को अगले स्तर तक ले जा सकते थे।”
‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ दो भागों में बनने वाली एक भव्य एनिमेटेड फिल्म है, जिसका निर्देशन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित फिल्मकार ईशान शुक्ला कर रहे हैं। फिल्म के पहले भाग का टीजर हाल ही में जारी किया गया है, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है।
निर्माताओं के अनुसार ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी और यह बाहुबली की दुनिया को एक नए और भव्य अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करेगी।



