पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव
चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम

नई दिल्ली, 6 जुलाई 2026। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार, इन सीटों पर 24 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक संपन्न कर ली जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 17 जुलाई तक नाम वापस लेने की अनुमति रहेगी।
ये तीनों सीटें तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई हैं। 8 जून को वरिष्ठ सांसद शुखेंदु शेखर रॉय ने पार्टी और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 10 जून को सुष्मिता देव और 11 जून को प्रकाश चिक बराइक ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इनमें शुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक का कार्यकाल 18 अगस्त 2029 तक, जबकि सुष्मिता देव का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था।
इधर, चुनाव आयोग ने गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। यह सीट भाजपा के आठ बार के विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। यहां 13 जुलाई तक नामांकन, 14 जुलाई को जांच और 16 जुलाई तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। आवश्यकता पड़ने पर 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना के साथ पूरी प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।
इसके अलावा आयोग ने बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव कराने की घोषणा की है। तीनों राज्यों में चुनावी गतिविधियां अधिसूचना जारी होने के साथ ही तेज हो गई हैं।




