छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सर्जरी, 8 IAS अधिकारियों का तबादला

रायपुर, 8 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के आठ अधिकारियों का तबादला एवं नई पदस्थापना की है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा 7 जुलाई 2026 को जारी आदेश के तहत जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO), नगर निगम आयुक्त और राजस्व विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, रिमिजियुस एक्का (2011 बैच) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
गजेन्द्र सिंह ठाकुर (2019 बैच) को धमतरी जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर आगामी आदेश तक राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं प्रतीक जैन (2020 बैच) को बस्तर जिला पंचायत के CEO पद से स्थानांतरित कर कोरबा जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। सुरुचि सिंह (2020 बैच) को राजनांदगांव जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर भिलाई नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सरकार ने जयंत नाहटा (2021 बैच) को दंतेवाड़ा जिला पंचायत के CEO पद से स्थानांतरित कर धमतरी जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया है।
इसके अलावा एम. भार्गव (2023 बैच) को डोंगरगढ़ एसडीएम से दंतेवाड़ा जिला पंचायत का CEO, तन्मय खत्रा (2023 बैच) को कटघोरा एसडीएम से बस्तर जिला पंचायत का CEO तथा दुर्गा प्रसाद अधिकारी (2023 बैच) को घरघोड़ा एसडीएम से राजनांदगांव जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विधानसभा मानसून सत्र और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



