छत्तीसगढ़

तीन साल बाद EOW के शिकंजे में रामगोपाल अग्रवाल…

कस्टम मिलिंग घोटाले में हिरासत में लिया गया

रायपुर, 8 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कथित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने हिरासत में ले लिया है। रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष और नान (नागरिक आपूर्ति निगम) के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, वे पिछले तीन वर्षों से फरार बताए जा रहे थे और ईडी तथा ईओडब्ल्यू उनकी तलाश कर रही थीं।

जानकारी के मुताबिक, कस्टम मिलिंग घोटाले की जांच के सिलसिले में ईओडब्ल्यू ने रामगोपाल अग्रवाल को समन जारी किया था। इससे पहले मंगलवार को जांच एजेंसी ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से कई घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद रामगोपाल अग्रवाल ईओडब्ल्यू कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, कथित कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाला वर्ष 2015 से 2023 के बीच धान की मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि प्रोत्साहन राशि बढ़ाने और उसके भुगतान में नियमों का उल्लंघन कर कुछ चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे सरकार को करीब 127 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

जांच एजेंसी इस मामले में तत्कालीन अधिकारियों, राइस मिलर्स और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। हालांकि, इन आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button