प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हुई ऋत्विक पारीक की फिल्म ‘डुग डुग’

मुंबई, 8 जुलाई 2026। फिल्म फेस्टिवल्स में सराहना बटोरने के बाद निर्देशक और लेखक ऋत्विक पारीक की चर्चित व्यंग्यात्मक कॉमेडी फिल्म ‘डुग डुग’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज़ हो गई है। फिल्म भारत समेत दुनिया के 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जा रही है, जिससे इसकी अनोखी कहानी अब वैश्विक दर्शकों तक पहुंचेगी।
बॉटल रॉकेट पिक्चर्स के बैनर तले प्रेरणा पारीक और ऋत्विक पारीक द्वारा निर्मित इस फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवानी और वासन बाला हैं।
फिल्म में अल्ताफ खान, गौरव सोनी और योगेंद्र सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। इनके अलावा दुर्गा लाल सैनी, हेमंत शर्मा, जगदीश प्रसाद टाक, राजू गुर्जर और प्रियंका खांडेकर ने भी अहम किरदार निभाए हैं।
आस्था और अंधविश्वास पर तीखा व्यंग्य
‘डुग डुग’ की कहानी ठाकुर नाम के एक शराबी व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो जाती है। अगले दिन उसकी मोटरसाइकिल रहस्यमयी तरीके से उसी स्थान पर मिलती है, जहां हादसा हुआ था। इसके बाद गांव में होने वाली कुछ घटनाओं के चलते लोग उस बाइक को चमत्कारी मानने लगते हैं और उसे शराब चढ़ाकर पूजा करने लगते हैं। धीरे-धीरे यह आस्था एक नए धार्मिक कारोबार का रूप ले लेती है।
फिल्म हास्य और सामाजिक व्यंग्य के माध्यम से यह सवाल उठाती है कि किस तरह अंधविश्वास और आस्था का मिश्रण समय के साथ व्यापार में बदल सकता है।
फिल्म समीक्षकों ने ‘डुग डुग’ को साहसी विषय, अलग कहानी और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए सराहा है। अब प्राइम वीडियो पर रिलीज़ के साथ यह फिल्म वैश्विक दर्शकों के बीच अपनी नई पहचान बनाने के लिए तैयार है।



