मनोरंजन

‘द पैराडाइज’ से जारी हुआ ‘विक्रम मालिक’ का नया पोस्टर

राघव जुयाल के जन्मदिन पर मेकर्स का तोहफा

मुंबई, 11 जुलाई 2026। नेचुरल स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच अभिनेता राघव जुयाल के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म के मेकर्स ने उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं देते हुए उनका नया कैरेक्टर पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में राघव ‘विक्रम मालिक’ के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं।

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “हमारे ‘विक्रम मालिक’ यानी बेहद प्रतिभाशाली राघव जुयाल को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। वह ‘द पैराडाइज’ में अपनी शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों को चौंका देंगे।” पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

फिल्म पहले से ही चर्चा में है। हाल ही में रिलीज हुआ इसका गाना ‘आया शेर’ दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर चुका है। गाने को अब तक 90 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं और सोशल मीडिया पर नानी के हुक स्टेप को फैंस बड़े पैमाने पर रीक्रिएट कर रहे हैं।

‘दसरा’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद निर्देशक श्रीकांत ओडेला और नानी की जोड़ी एक बार फिर इस फिल्म के जरिए साथ आ रही है। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी ‘द पैराडाइज’ 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश समेत आठ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिल्म की पहुंच बढ़ाने के लिए मेकर्स हॉलीवुड अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स से भी बातचीत कर रहे हैं।

भव्य प्रस्तुति, दमदार स्टारकास्ट और बड़े पैमाने पर रिलीज की तैयारी के साथ ‘द पैराडाइज’ वर्ष 2026 की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो गई है।

Related Articles

Back to top button