‘एक पेड़ पुरखों के नाम’ अभियान में महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी

रायपुर, 13 जुलाई 2026। मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय कृष्ण मित्र फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘एक पेड़ पुरखों के नाम’ अभियान को राजधानी में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। पिछले दो सप्ताह से चल रहे इस विशेष वृक्षारोपण अभियान में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिवार के साथ मुक्तिधाम पहुंचकर अपने पूर्वजों की स्मृति में पौधे रोप रही हैं।
संस्था के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने बताया कि सरजू बांधा मुक्तिधाम परिसर, टिकरापारा में लोग स्वयं पौधे लेकर पहुंच रहे हैं और अपने दिवंगत परिजनों की याद में पौधारोपण कर उन्हें जीवंत श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अभियान की खास बात यह है कि पौधारोपण करने वाले लोग केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वयं गड्ढे खोदने, खाद डालने और पौधों की सुरक्षा की व्यवस्था में भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से प्रेरणादायक रही है। महिलाएं अपने पति, सास-ससुर और अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ मुक्तिधाम पहुंचकर पौधारोपण कर रही हैं, जिससे यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ पारिवारिक संस्कार और पूर्वजों के प्रति सम्मान का भी प्रतीक बन गया है।
अभियान के दौरान मनहरण लाल सेन परिवार ने नीम एवं पाम, संतोष साहू ने अपने माता-पिता की स्मृति में महुआ एवं पाम, माधव लाल यादव परिवार ने कदम एवं पाम, मीना यादव परिवार ने पारिजात, हेमलता संजय चंद्राकर ने अपने ससुर की स्मृति में पारिजात, अरुण सोनी एवं अज्जू पटौदी ने नीम और कदम तथा रेखा झंवर एवं खुशी झंवर ने अपने दादा-दादी की स्मृति में पौधारोपण किया।
कृष्ण मित्र फाउंडेशन ने शहरवासियों से इस अभियान से जुड़कर अपने पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा लगाने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की है। संस्था का मानना है कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली की अमूल्य विरासत छोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी।



