छत्तीसगढ़

चौकीदार की हत्या कर बाल संप्रेक्षण गृह से 4 अपचारी फरार

बिलासपुर, 14 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां चार विधि के साथ संघर्षरत बाल अपचारियों ने चौकीदार की हत्या कर फिल्मी अंदाज में फरार होने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सरकंडा पुलिस ने हत्या और फरारी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव निवासी नरेंद्र कुमार खांडे पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में संविदा पर नाइट चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच चारों बाल अपचारियों ने मिलकर चौकीदार पर हमला किया। पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर हाथ-पैर बांध दिए गए और गला दबाने के साथ उसके मुंह में गमछा ठूंस दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दूसरे चौकीदार की मोटरसाइकिल और परिसर के ताले की चाबी लेकर फरार हो गए। पुलिस जांच में पता चला है कि चारों पहले भवन की छत पर पहुंचे, वहां से दूसरी छोटी छत पर उतरकर सुरक्षा के लिए लगाए गए कांटेदार तार को हटाया और लकड़ी की सीढ़ी के सहारे नीचे उतरकर भाग निकले।

घटना के बाद जब पुलिस ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की तो पता चला कि आरोपी जाते-जाते कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनके फरार होने के साक्ष्य न मिल सकें।

इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में सामने आया है कि सामान्यतः सभी बाल अपचारियों को अलग-अलग कमरों में रखा जाता है, लेकिन वारदात वाली रात चारों एक साथ थे। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि उन्हें एक साथ रहने की अनुमति कैसे मिली और सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।

घटना के बाद मृतक चौकीदार के परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग को लेकर बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर धरना दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद भी पूरी रात चौकीदार का शव पहली मंजिल पर पड़ा रहा और समय पर किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई।

फिलहाल सरकंडा पुलिस ने हत्या और फरारी का मामला दर्ज कर लिया है। फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Related Articles

Back to top button