छत्तीसगढ़

RDA को मिला नया उपाध्यक्ष, डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने संभाली कमान

रायपुर, 14 जुलाई 2026। रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। रायपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित कार्यभार ग्रहण समारोह में वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर मंत्री ओ.पी. चौधरी ने डॉ. शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में आरडीए की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्राधिकरण की विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

आरडीए अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि चिकित्सा और प्रशासनिक क्षेत्र में डॉ. शर्मा का लंबा अनुभव प्राधिकरण के लिए लाभदायक साबित होगा। उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित के कार्यों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समन्वित प्रयासों पर भी जोर दिया।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप आरडीए की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायपुर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाओं और हितग्राही सेवाओं के विस्तार के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

समारोह में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button