मनोरंजन

परिवार को बचाने की जंग में दिखे सनी देओल, ‘बंटवारा 1947’ का हाई-वोल्टेज टीजर रिलीज

मुंबई। आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का नया हाई-वोल्टेज टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के मोशन पोस्टर और दमदार कैरेक्टर पोस्टर्स के बाद अब सामने आए इस टीजर ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। टीजर में सनी देओल एक ऐसे निडर शख्स के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो हर मुश्किल का सामना करते हुए अपने परिवार की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

फिल्म का नया टीजर बंटवारे के दौर की त्रासदी, साहस और इंसानी जज्बे की एक दमदार झलक पेश करता है। इसमें सनी देओल का जोशीला अंदाज और भावनात्मक संघर्ष कहानी की गंभीरता को और मजबूत बनाता है।

टीजर में दिखी बंटवारे की दर्दनाक कहानी

टीजर की शुरुआत से लेकर अंत तक रोमांच और भावनाओं का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है। इसमें एक ऐसे हीरो की कहानी दिखाई गई है, जो नफरत और हिंसा के बीच अपने परिवार को बचाने के लिए डटकर खड़ा रहता है। फिल्म भारत के विभाजन के उस दर्दनाक दौर की कहानी बयां करती है, जिसने करोड़ों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।

टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।

टीजर देखें:

तीन दशक बाद फिर साथ आए सनी देओल और राजकुमार संतोषी

फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ लौट रही है।

ए.आर. रहमान का संगीत, जावेद अख्तर के गीत

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है।

‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को पार्टिशन डे के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button