छत्तीसगढ़

स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, 23 जुलाई को रायपुर में धरना

रायपुर। स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। 23 जुलाई को राजधानी रायपुर के राजीव गांधी चौक पर कांग्रेस एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने मांग की है कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए और नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल दो से तीन गुना तक बढ़ गए हैं, जिससे आम और मध्यमवर्गीय परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

‘हर घर से आ रही हैं शिकायतें’

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेशभर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और बढ़े हुए बिलों की निष्पक्ष जांच भी नहीं करा रही।

23 जुलाई को राजीव गांधी चौक पर होगा प्रदर्शन

कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि 23 जुलाई को होने वाले धरने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों से प्रभावित नागरिक भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन “कुंभकर्णी नींद में सोई प्रदेश सरकार” को जगाने का प्रयास है।

सरकार से कांग्रेस की प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने सरकार से निम्न मांगें रखी हैं:

  • जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए।
  • नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।
  • बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।

घर-घर भरवाए जा रहे आवेदन

मोहम्मद सिद्दीक ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने के समर्थन में आवेदन भरवा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से 23 जुलाई के धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button