छत्तीसगढ़

NHAI की नई सुविधा: अब ऐप से बनाएं टोल पास, महीनेभर करें अनलिमिटेड सफर

रायपुर, 21 जुलाई 2026। राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों, खासकर टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ‘राजमार्गयात्रा‘ मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल लोकल पास की सुविधा शुरू की है। अब टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग इस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन लोकल पास खरीद सकेंगे और एक महीने तक संबंधित टोल प्लाजा से असीमित आवाजाही कर सकेंगे।

22 भारतीय भाषाओं में दर्ज करा सकेंगे शिकायत

NHAI ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐप में बहुभाषी सुविधा भी जोड़ी है। अब उपयोगकर्ता 22 भारतीय भाषाओं में अपनी शिकायत, सुझाव या सवाल लिखकर या बोलकर दर्ज करा सकते हैं। ऐप संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उपयोगकर्ताओं को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचाने में भी मदद करेगा।

FASTag और ई-नोटिस की जानकारी भी मिलेगी

‘राजमार्गयात्रा’ ऐप के माध्यम से यात्री अपने FASTag का ब्लैकलिस्ट स्टेटस, लंबित ई-नोटिस और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी आसानी से देख सकेंगे। NHAI का कहना है कि इन डिजिटल सुविधाओं से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर पहले की तुलना में अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

‘मार्ग मित्र’ सहायता केंद्र की भी शुरुआत

यात्रियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से NHAI ने ‘मार्ग मित्र’ सहायता केंद्र भी शुरू किया है। इसे ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप में ही एकीकृत किया गया है।

एनएचएआई के अनुसार, ‘मार्ग मित्र’ राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जहां यात्री यात्रा से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, सहायता मांग सकेंगे और अपनी शिकायतें भी दर्ज करा सकेंगे।

एनएचएआई का मानना है कि यह नई पहल डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related Articles

Back to top button