रायपुर में 4 मेडिकल स्टोर सील, बिना पर्ची बेच रहे थे प्रतिबंधित दवाएं

रायपुर, 29 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार मेडिकल स्टोर्स को सील कर दिया। जांच में इन दुकानों पर डॉक्टर की वैध पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाएं बेचने का मामला सामने आया।
मंगलवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के करीब तीन दर्जन मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दवाओं की बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मां दुर्गा मेडिकोज (गोल चौक, डीडीनगर), आयुष मेडिकल (गुढियारी), विश्वास मेडिकल (भनपुरी) और उदय मेडिकल स्टोर (उरकुरा) को सील कर दिया गया।
ड्रग विभाग की जांच में सामने आया कि कुछ मेडिकल स्टोर्स पर Pregabalin Capsules और Rexcof DX Syrup जैसी प्रतिबंधित दवाएं बिना डॉक्टर की पर्ची के बेची जा रही थीं। शिकायतों की पुष्टि के लिए विभाग ने टेस्ट पर्चेसिंग कराई, जिसमें नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने बताया कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। शिकायतों के आधार पर डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, स्थानीय पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीमों ने यह अभियान चलाया।
पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाओं की बिक्री केवल डॉक्टर की वैध पर्ची पर ही करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बिना पर्ची प्रतिबंधित दवाएं बेचने वाले मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ड्रग कंट्रोल विभाग का कहना है कि कुछ दवाओं का दुरुपयोग नशे के लिए किया जाता है। इसे रोकने के लिए शहरभर में मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच जारी रहेगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं बिना पर्ची प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री होती दिखे तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।



