राम मंदिर ट्रस्ट के नए सचिव बन सकते हैं जगदीश आफले…

अयोध्या, 29 जुलाई 2026। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में सचिव पद के लिए राम मंदिर निर्माण परियोजना के पूर्व प्रबंधक जगदीश आफले का नाम प्रस्तावित किया गया है। सूत्रों के अनुसार, उनकी नियुक्ति पर अंतिम फैसला ट्रस्ट की 2 सितंबर को होने वाली बैठक में लिया जा सकता है।
ट्रस्ट ने 22 जुलाई को आयोजित बैठक में सचिव और प्रवक्ता के नए पद सृजित करने का निर्णय लिया था। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने पुष्टि की है कि सचिव पद के लिए जगदीश आफले का नाम प्रस्तावित किया गया है। वहीं, प्रवक्ता पद के लिए चयन प्रक्रिया अभी जारी है और कई नामों पर विचार किया जा रहा है।
राम मंदिर निर्माण में निभाई अहम भूमिका
पुणे (महाराष्ट्र) निवासी जगदीश आफले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और आईआईटी मुंबई से एमटेक की पढ़ाई की है। भारत के अलावा यूरोप और अमेरिका की कंपनियों में कार्य करने के बाद सेवानिवृत्ति उपरांत वह भारत लौट आए।
राम मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने पर आरएसएस की ओर से उन्हें परियोजना प्रबंधक के रूप में मानद सेवा के लिए अयोध्या भेजा गया था। तब से वह अपनी पत्नी के साथ तीर्थ क्षेत्र भवन में रहकर मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े रहे। यदि ट्रस्ट की अगली बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो जगदीश आफले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रथम सचिव बनेंगे।



