छत्तीसगढ़

15 घंटे बाद मिली आज़ादी: कुएं में गिरे भालू का सफल रेस्क्यू

रायपुर, 31 जुलाई 2026। कटघोरा वनमंडल के केंदई परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिंदिया में कुएं में गिरे एक भालू को वन विभाग ने करीब 15 घंटे लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया। इस सफल अभियान में वन विभाग, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के सहयोग से कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया, ताकि शांत माहौल में रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा सके।

जेसीबी और बांस की सीढ़ी से बनाई गई राह

कुएं की अधिक गहराई के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद वन विभाग ने जेसीबी मशीन से कुएं के एक हिस्से में ढलाननुमा रास्ता तैयार कराया और अंदर मजबूत बांस की सीढ़ी उतारी। रणनीति सफल रही और रात करीब 9:30 बजे भालू स्वयं सीढ़ी और ढलान के सहारे बाहर निकलकर जंगल की ओर चला गया।

अधिकारियों के नेतृत्व में चला अभियान

रेस्क्यू अभियान वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे, वनपाल, वनरक्षक, हाथी मित्र दल और स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया।

वन विभाग की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव कुएं, गड्ढे या किसी अन्य स्थान पर फंस जाए तो स्वयं बचाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें। साथ ही खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा दीवार या घेरा बनवाने की भी सलाह दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button