एकता जन विकास समिति के आयुष्मान कार्ड शिविर में 256 लोगों का पंजीयन

रायपुर, 4 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के तात्यापारा स्थित मोमिनपारा में एकता जन विकास समिति के तत्वावधान में निःशुल्क आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य योजना का लाभ उठाया। शिविर के दौरान कुल 256 लोगों का पंजीयन किया गया और पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
यह शिविर 2 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक दरगाह हॉल, हैदरी मस्जिद के सामने, तात्यापारा मोमिनपारा में आयोजित किया गया। शिविर में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कर्मचारी राहुल गजभिये, संतोष बेलगाहे एवं रिया राजपूत ने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी कर लोगों को निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम का संचालन समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इक्तेदार हैदरी ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा समिति के सलाहकार डॉ. बशीर हसन का आभार व्यक्त करते हुए पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर आम नागरिकों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर को सफल बनाने में समिति के संरक्षक गौहर अली, हैदर अली, अध्यक्ष मोहम्मद इक्तेदार हैदरी, कोषाध्यक्ष मोहम्मद जहीर, उपाध्यक्ष शारिक हैदरी, सह सचिव मोहम्मद सरोज, अम्मार हैदर (कर्बलाई), इम्तियाज हुसैन, रिजवान हैदर, नासिर मेहदी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।
समिति ने भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने की बात कही।



