जनदर्शन में मंत्री गजेन्द्र यादव ने सुनीं लोगों की समस्याएं
बारिश में सड़क मरम्मत और जलनिकासी सुधारने के दिए निर्देश

दुर्ग, 4 अगस्त 2026। दुर्ग के गंजपारा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित नियमित जनदर्शन में कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने बिजली, पेयजल, सड़क, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री यादव ने सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशील और शीघ्र समाधान करना है। इसी उद्देश्य से नियमित जनदर्शन के माध्यम से लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जनदर्शन शासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
बारिश के मौसम को देखते हुए मंत्री यादव ने शहर की सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।



