बेटी का जन्मदिन बना सेवा का उत्सव, शिक्षिका ने छात्रों को भेंट की यूनिफॉर्म

पंडरिया, 5 अगस्त 2026। कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला महली की शिक्षिका श्रीमती सुधा सकुनिया ने अपनी चार वर्षीय पुत्री वैष्णवी का जन्मदिन समाज सेवा के रूप में मनाकर एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की। इस अवसर पर विद्यालय के 110 छात्र-छात्राओं को टाई, बेल्ट और मोजे वितरित किए गए।
जन्मदिन समारोह के दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब नन्हीं वैष्णवी ने अपने हाथों से बच्चों को यूनिफॉर्म सामग्री भेंट की। बच्चों ने खुशी-खुशी उपहार स्वीकार करते हुए वैष्णवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस पहल से विद्यालय परिसर में आत्मीयता और खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में वैष्णवी के पिता दीपक सकुनिया भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही सेवा, सहयोग और समाज के प्रति संवेदनशील बनने की सीख देना सबसे बड़ा संस्कार है।
विद्यालय के प्रधान पाठक पवन पाठक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि लोग जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य पारिवारिक अवसरों पर जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा करें, तो समाज में सकारात्मक बदलाव स्वतः दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती, बल्कि ऐसे कार्य बच्चों को मानवता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का वास्तविक पाठ पढ़ाते हैं।
विद्यालय के शिक्षक सुरेश देवांगन और शिक्षिका इन्द्राणी डोरे ने भी वैष्णवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विद्यार्थियों ने शिक्षिका सुधा सकुनिया, दीपक सकुनिया और वैष्णवी का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को प्रेरणादायी बताया।
शिक्षिका सुधा सकुनिया की यह पहल संदेश देती है कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां बांटने का भी माध्यम बन सकता है।



