छत्तीसगढ़

बारसूर पहुंची बाइक तिरंगा यात्रा, विजय शर्मा-केदार कश्यप ने संभाली कमान

शहीदों को श्रद्धांजलि, पौधारोपण और ‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश

रायपुर, 13 अगस्त 2026। बस्तर तिरंगा यात्रा के तहत नारायणपुर से शुरू हुई बाइक तिरंगा यात्रा बुधवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बारसूर पहुंची। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। तिरंगों के साथ भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

यात्रा के दौरान विजय शर्मा और केदार कश्यप ने हाथों में तिरंगा लेकर बाइक रैली में हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, उनके सम्मान में पौधारोपण किया और शहीद परिवारों से मुलाकात की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर तिरंगा यात्रा विकास, शांति और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

‘हर घर तिरंगा’ का आह्वान

विजय शर्मा ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घर-घर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि कभी नक्सलवाद के डर से कई इलाकों में राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराने में बाधाएं आती थीं, लेकिन अब बस्तर के लोग गर्व के साथ तिरंगा फहरा रहे हैं। उन्होंने इसे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के बदलाव का संकेत बताया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षेत्र में विकास और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है।

तीन दिवसीय यह बाइक तिरंगा यात्रा 12 अगस्त को नारायणपुर से शुरू हुई है। यात्रा धौड़ाई, कन्हारगांव, कोडेनार, बोदली, सातधार, बारसूर और गीदम होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची। इसके बाद 13 अगस्त को दंतेवाड़ा से कुआकोंडा, सुकमा, जगरगुंडा, सिलगेर, टेकलगुड़ेम और आवापल्ली होते हुए बीजापुर पहुंचेगी। 14 अगस्त को बीजापुर से आगे बढ़ते हुए यात्रा करेगुट्टा पहाड़ी में समाप्त होगी।

Related Articles

Back to top button