छत्तीसगढ़

भिलाई में डेंगू की दस्तक: देवेंद्र यादव ने दिए सख्ती से रोकथाम के निर्देश

भिलाई, 14 अगस्त 2026। नगर निगम भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र में डेंगू के दो संदिग्ध मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम को अलर्ट किया गया है। इनमें से एक मरीज की एलाइजा जांच पॉजिटिव पाई गई है। मरीज का उपचार जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टाउनशिप क्षेत्र के साथ पूरे भिलाई में सफाई व्यवस्था मजबूत करने, जलजमाव वाले स्थानों की नियमित निगरानी और मच्छरों के लार्वा की रोकथाम के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

विधायक ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र जारी कर संभावित संक्रमण वाले क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल मरीजों के इलाज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि संक्रमण फैलने से पहले ही प्रभावी कदम उठाए जाने जरूरी हैं।

उन्होंने अधिकारियों से शहर में जलजमाव वाले स्थानों की पहचान कर तत्काल सफाई कराने और मच्छरों के लार्वा पनपने वाली जगहों पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

घरों में पानी जमा न होने देने की अपील

विधायक देवेंद्र यादव ने शहरवासियों से भी डेंगू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा कूलर, गमले, पानी की टंकियों और अन्य कंटेनरों की नियमित सफाई करते रहें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डेंगू की रोकथाम में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। शहरवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सफाई, निगरानी और मच्छर नियंत्रण से जुड़े सभी जरूरी उपाय प्रभावी ढंग से लागू किए जाने चाहिए।

Related Articles

Back to top button