छत्तीसगढ़

आध्यात्मिक चातुर्मास के साथ जैन संवेदना ट्रस्ट का सेवा का चातुर्मास

जरूरतमंदों के लिए चला रहा जनकल्याण अभियान

रायपुर, 18 अगस्त 2026। जैन समाज में आध्यात्मिक चातुर्मास के साथ ही सेवा और मानव कल्याण का चातुर्मास भी जोर-शोर से चल रहा है। जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंदों की सहायता के लिए श्रवण यंत्र, बीपी-शुगर टेस्टिंग उपकरण वितरण, साधर्मिक भक्ति, कन्या विवाह, व्यापार उन्नयन सहित कई योजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर और विजय चोपड़ा ने बताया कि जरूरतमंद भाई-बहनों को बिना किसी औपचारिकता के सीधे सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में श्री ऋषभदेव जैन मंदिर परिसर में साधर्मिकों को बीपी एवं शुगर टेस्टिंग उपकरण तथा सर्ववर्ग के जरूरतमंद लोगों को श्रवण यंत्र वितरित किए गए।

बुजुर्गों के साथ बच्चों को भी मिल रहा श्रवण यंत्र

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि कम सुनाई देने की समस्या से जूझ रहे बुजुर्गों की सेवा माता-पिता की पूजा के समान है। वहीं, कई बच्चों में भी जन्मजात सुनने की समस्या होती है। ऐसे बच्चे सुन नहीं पाने के कारण बोलना भी शुरू नहीं कर पाते।

पांच वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे बच्चों को विशेष प्रकार के श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं। ट्रस्ट के अनुसार, कुछ बच्चों ने श्रवण यंत्र लगाने के बाद पहली बार आवाज सुनी और ‘मां’ शब्द का उच्चारण किया, जिसे उनके परिवार और सेवा कार्य से जुड़े लोगों ने बेहद भावुक पल बताया।

15 वर्षों से जारी है सेवा अभियान

महेन्द्र कोचर और विजय चोपड़ा ने बताया कि जैन संवेदना ट्रस्ट पिछले करीब 15 वर्षों से बुजुर्गों और जरूरतमंदों की सेवा का अभियान चला रहा है। इस सप्ताह भी बुजुर्गों और बच्चों को श्रवण यंत्र वितरित किए गए। ट्रस्ट के अनुसार, अब तक 10,500 श्रवण यंत्र वितरित किए जा चुके हैं।

ट्रस्ट की ओर से मानव सेवा के साथ-साथ मूक पशु-पक्षियों की सेवा भी की जाती है। मानव कल्याण के तहत श्रवण यंत्र, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, बैसाखी, बीपी नापने की मशीन और शुगर टेस्टिंग मशीन का निःशुल्क वितरण किया जाता है।

स्वावलंबन और विवाह योजनाओं पर भी जोर

जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा साधर्मिक भाई-बहनों को स्वावलंबी बनाने, व्यवसायिक उत्थान और विवाह योजना के माध्यम से सहयोग देने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है। उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ने में सहयोग करना है।

ट्रस्ट ने बताया कि जिन बच्चों या बुजुर्गों को सुनने में परेशानी है, वे ऑडियोमेट्री जांच करवाकर श्रवण यंत्र के लिए संपर्क कर सकते हैं।

संपर्क:
महेन्द्र कोचर: 9301056004
विजय चोपड़ा: 9301739494

Related Articles

Back to top button