दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में भक्ति और संयम का संगम, दीक्षार्थियों का भव्य बिंदोला

रायपुर, 22 अगस्त 2026। समयोपदेश वर्षायोग (चातुर्मास) 2026 के तहत मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में शनिवार को दिनभर धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला चली। मुनिसंघ के सानिध्य में अभिषेक, बृहद शांतिधारा, स्वाध्याय, आहारदान, दीक्षार्थी सम्मान और बच्चों के लिए विशेष संस्कार कार्यशाला का आयोजन किया गया।
समयोपदेश वर्षायोग 2026 समिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय नायक जैन, उपाध्यक्ष श्रद्धेय जैन विक्की और मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि सुबह 7:30 बजे मूलनायक भगवान की बेदी के समक्ष जिनेंद्र प्रभु का अभिषेक एवं बृहद शांतिधारा संपन्न हुई। मुनि पुनीत सागर के मुखारविंद से मंत्रोच्चार के बीच हुए इस आयोजन का सौभाग्य निर्मल, मनीता, खुशबू जैन एवं प्रवीण कुमार, उमंग कुमार जैन परिवार को प्राप्त हुआ।
तत्त्वार्थ सूत्र और छह ढाला का स्वाध्याय
अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद धार्मिक कक्षाओं का आयोजन हुआ। मुनि पुनीत सागर ने श्रद्धालुओं को तत्त्वार्थ सूत्र के पंचम अध्याय का अध्ययन कराया। वहीं मुनि आगम सागर ने छह ढाला ग्रंथ की तीसरी ढाल का वाचन और अध्यापन किया।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने नवधा भक्ति के साथ मुनिसंघ को आहारदान किया। मुनि आगम सागर को आहारदान का सौभाग्य दीपक भैया, जिनेश कुमार, नवीन कुमार, राकेश, मुकेश, अनिमेश, निधि दीदी, मधु दीदी, राजकुमारी एवं प्रमोद कुमार को मिला। मुनि पुनीत सागर को आहारदान मोना अक्षत जैन परिवार ने कराया। एलक स्वागत सागर को निज निवास पर आहारदान का पुण्य लाभ भरत जैन भोरावत, हर्षवर्धन एवं प्रिंस जैन भोरावत परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं एलक धैर्य सागर का वार्षिक व्रत भी रहा।
दीक्षार्थियों की गोद भराई और सम्मान
आगामी चातुर्मास में दिल्ली में प्रस्तावित जैनेश्वरी दीक्षा के परिप्रेक्ष्य में संयमी दीक्षार्थियों की गोद भराई, बिंदोला और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महामुनिराज के हाथों दीक्षा की ओर अग्रसर बा. ब्र. अंकित जैन, बा. ब्र. अनिकेत भैया, बा. ब्र. यश भैया, बा. ब्र. प्रसन्न पाटनी एवं ब्र. वकील चंद का मंगल तिलक कर वस्त्र एवं उपहार भेंट किए गए।
बच्चों के लिए ‘थर्ड आई’ कार्यशाला शुरू
मुनि पुनीत सागर के सानिध्य में बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी आंतरिक क्षमताओं को जागृत करने के उद्देश्य से ‘थर्ड आई’ (अंतर्ज्ञान चक्षु) विशेष कक्षा का शुभारंभ किया गया। यह कक्षा प्रत्येक शनिवार और रविवार को आयोजित होगी। इसमें बच्चों को ध्यान एवं साधना के माध्यम से मानसिक एकाग्रता और अंतर्ज्ञान से जुड़े व्यावहारिक अभ्यास कराए जाएंगे।
रविवार को होंगे विशेष आयोजन
23 अगस्त को मंदिर में कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। सुबह 7:30 बजे भगवान पार्श्वनाथ का महामस्ताभिषेक, स्फटिक मणि की प्रतिमाओं का अभिषेक एवं शांतिधारा होगी। दोपहर 1 से 3 बजे तक बच्चों के लिए ‘थर्ड आई’ विशेष कक्षा और शाम 3 बजे मुनि आगम सागर की मंगल देशना एवं प्रवचन होगा।
वर्षायोग समिति एवं दिगंबर जैन बड़ा मंदिर प्रबंधकारिणी समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से आयोजनों में शामिल होकर मुनिसंघ का दर्शन-वंदन करने और धर्मलाभ लेने की अपील की है।



