छत्तीसगढ़

सावन के अंतिम सोमवार पर सोमनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

30 हजार श्रद्धालुओं के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा

रायपुर, 25 अगस्त 2026। सावन के अंतिम सोमवार पर तिल्दा-नेवरा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार रात से शुरू हुआ श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला सोमवार देर रात तक जारी रहा। रायपुर समेत कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा, बालोद और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। अंतिम सोमवार को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में करीब 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

भारी भीड़ को देखते हुए रायपुर पुलिस ग्रामीण ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और यातायात को लेकर पहले से व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, पहुंच मार्गों और प्रमुख भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस जवानों ने लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखा।

मारपीट की आशंका पर करीब 100 कड़े जब्त

मेले में भारी भीड़ के बीच किसी विवाद या मारपीट की स्थिति में गंभीर चोट की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाया। जांच के दौरान श्रद्धालुओं के हाथों में पहने करीब 100 भारी कड़े जब्त किए गए।

पुलिस के मुताबिक, भीड़ में विवाद की स्थिति बनने पर हाथों में पहने जाने वाले भारी कड़े चोट का कारण बन सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए पुलिस टीमों ने जांच के दौरान कड़े जब्त किए, ताकि संभावित मारपीट और गंभीर चोट की घटनाओं को रोका जा सके।

संदिग्धों पर भी रही पुलिस की नजर

30 हजार तक श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी लोगों की जांच की। इसके साथ ही पहुंच मार्गों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की गई।

पुलिस ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक बल तैनात किया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था

सोमनाथ मंदिर मेले की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री चंचल तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।

एसडीओपी विधानसभा श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा श्री रमाकांत तिवारी और थाना प्रभारी धरसीवा श्री राजेंद्र दीवान सहित पुलिस बल ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

देर रात तक पहुंचते रहे कांवड़िए

सावन के अंतिम सोमवार पर कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा, बालोद समेत आसपास के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांवड़िए सोमनाथ मंदिर पहुंचे। कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं की आवाजाही सोमवार देर रात तक जारी रही।

भारी भीड़ के बावजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई। लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और बेहतर समन्वय के चलते सोमनाथ मेला शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। पुलिस की एहतियाती कार्रवाई से संभावित विवाद, मारपीट और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने में भी सफलता मिली।

Related Articles

Back to top button