अवैध वसूली की शिकायत पर प्रोविजनल SI निलंबित

रायपुर, 25 अगस्त 2026। रायपुर ग्रामीण पुलिस के राखी थाने में पदस्थ प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस लाइन रायपुर ग्रामीण निर्धारित किया गया है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे राखी थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 10/2026 की विवेचना कर रहे थे। इसी मामले की जांच के दौरान उनके खिलाफ संबंधित पक्ष पर कथित रूप से दबाव बनाकर रुपये ऐंठने और अवैध वसूली करने की शिकायत पुलिस अधिकारियों को मिली थी।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए महेश कुमार ओगरे को निलंबित कर दिया।
निलंबन आदेश के तहत उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा और उनका मुख्यालय पुलिस लाइन रायपुर ग्रामीण रहेगा। विभागीय स्तर पर मामले में आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।



