24 घंटे भी नहीं हुए और व्यूज़ 1 मिलियन पार! TVF के ‘फैमिली किराना स्टोर 2’ ने मचाई धूम

मुंबई, 5 सितंबर 2026। द वायरल फीवर (TVF) की पॉपुलर कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘फैमिली किराना स्टोर’ का दूसरा सीजन दर्शकों के बीच लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। सीजन 2 के दूसरे एपिसोड ‘एक्सपायरी डेट’ ने रिलीज होते ही नया रिकॉर्ड बना दिया है। एपिसोड ने प्रीमियर के 24 घंटे से भी कम समय में 10 लाख से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं।
दर्शकों के प्यार ने बनाया नया रिकॉर्ड
‘फैमिली किराना स्टोर’ एक मिडिल-क्लास परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी और उनके किराना स्टोर के इर्द-गिर्द घूमती कहानी है। हल्की-फुल्की कॉमेडी, पारिवारिक रिश्तों, नॉस्टैल्जिया और रोजमर्रा की परेशानियों को मनोरंजक अंदाज में पेश करने वाली इस सीरीज को दर्शकों से लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
सीजन 2 के पहले एपिसोड को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद दूसरे एपिसोड को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता थी। अब ‘एक्सपायरी डेट’ ने रिलीज के कुछ ही घंटों में 10 लाख व्यूज का आंकड़ा पार कर इस लोकप्रियता को और मजबूत कर दिया है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि को शेयर करते हुए लिखा कि ‘फैमिली किराना स्टोर’ पर दर्शकों के प्यार की कोई एक्सपायरी डेट नहीं है। साथ ही बताया कि सीजन 2 का दूसरा एपिसोड उनके YouTube चैनल पर उपलब्ध है।
श्रीकांत वर्मा समेत नजर आ रहे हैं कई कलाकार
सीरीज में श्रीकांत वर्मा ने गजानंद का किरदार निभाया है। कहानी एक ऐसे परिवार पर केंद्रित है, जो अपना स्थानीय किराना स्टोर चलाते हुए जिंदगी की छोटी-बड़ी चुनौतियों का सामना करता है।
शो में गरिमा विक्रांत सिंह और हेमंत मिश्रा समेत कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। सीरीज में हास्य के साथ परिवार, रिश्तों और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े ऐसे पल दिखाए गए हैं, जिनसे दर्शक आसानी से खुद को जोड़ पाते हैं।
TVF की रिलेटेबल स्टोरीटेलिंग बनी पहचान
द वायरल फीवर लंबे समय से अपनी जमीन से जुड़ी और रिलेटेबल कहानियों के लिए जाना जाता है। अलग-अलग जॉनर में कंटेंट तैयार करने वाले TVF ने कई सफल फ्रैंचाइजी के जरिए दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
‘फैमिली किराना स्टोर’ भी इसी कड़ी का हिस्सा है, जहां छोटे शहर और मिडिल-क्लास परिवार की रोजमर्रा की दुनिया को हास्य और भावनाओं के साथ पेश किया गया है। सीजन 2 के दूसरे एपिसोड का तेजी से 10 लाख व्यूज पार करना इस बात का संकेत है कि शो की कहानी दर्शकों के बीच लगातार कनेक्ट बना रही है।



