मनोरंजन

मोहनलाल की L367 का खुला राज! यूक्रेन में फंसे भारतीयों के रेस्क्यू पर बनेगी ‘ऑपरेशन गंगा

नेशनल अवॉर्ड विनर विष्णु मोहन करेंगे निर्देशन

मुंबई, 5 सितंबर 2026। मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित फिल्म L367 को आखिरकार उसका आधिकारिक नाम मिल गया है। मेकर्स ने फिल्म के टाइटल का ऐलान करते हुए इसे ‘ऑपरेशन गंगा – ए नेशन्स प्रॉमिस’ नाम दिया है। नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर विष्णु मोहन के निर्देशन में बन रही यह फिल्म भारत के एक बड़े रेस्क्यू मिशन की अनकही कहानी को पर्दे पर पेश करेगी।

भारत के साहसी रेस्क्यू मिशन पर आधारित है कहानी

‘ऑपरेशन गंगा’ का नाम रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित देश वापस लाने के लिए चलाए गए रेस्क्यू मिशन से प्रेरित है। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में भारतीयों, खासकर छात्रों को युद्धग्रस्त यूक्रेन से निकालकर भारत लाया गया था।

फिल्म इसी चुनौतीपूर्ण मिशन के इर्द-गिर्द एक ऐसी कहानी पेश करने का दावा करती है, जो भारतीयों के लिए बेहद खास है। विदेशी धरती पर संकट के बीच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने की इस मुहिम को बड़े पर्दे पर एक सिनेमाई अंदाज में दिखाया जाएगा।

मोहनलाल के साथ दिखेंगे ये बड़े सितारे

फिल्म में मोहनलाल लीड रोल में नजर आएंगे। उनके साथ अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, पार्थिबन और आदिल हुसैन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता विष्णु मोहन कर रहे हैं। ऐसे में मोहनलाल की स्टार पावर और विष्णु मोहन की कहानी कहने की शैली के मेल ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

‘पुष्पा’ से ‘धुरंधर’ तक की टीम जुड़ी

‘ऑपरेशन गंगा’ की तकनीकी टीम भी काफी खास है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी मिरोस्लाव कुबा ब्रोजेक संभाल रहे हैं, जो ‘पुष्पा: द राइज’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

राजीवन फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइनर हैं, जिन्होंने ‘GOAT’, ‘मेयाझगन’, ‘अमरन’ और ‘कथनार’ जैसी फिल्मों पर काम किया है। वहीं एक्शन डायरेक्शन की जिम्मेदारी सी यंग ओह के पास है, जो ‘धुरंधर’ और ‘किल’ जैसी फिल्मों के एक्शन से जुड़े रहे हैं।

फिल्म का म्यूजिक शाश्वत सचदेव कंपोज कर रहे हैं। एडिटर शमीर मोहम्मद और साउंड डिजाइनर बिश्वदीप चटर्जी भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। वीएफएक्स की जिम्मेदारी के. वी. संजीत संभाल रहे हैं।

मिलिट्री एक्सपर्ट भी टीम का हिस्सा

फिल्म को वास्तविकता के करीब रखने के लिए मिलिट्री एडवाइजर के तौर पर स्क्वाड्रन लीडर वरलिन पंवार को टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने ‘सेफेद सागर’, ‘बॉर्डर 2’ और ‘फाइटर’ जैसी फिल्मों पर काम किया है।

इसके अलावा कॉस्ट्यूम डायरेक्टर मेल्वी जे, मेकअप आर्टिस्ट रोनेक्स जेवियर और प्रोडक्शन कंट्रोलर रिन्नी दिवाकर भी फिल्म की टीम का हिस्सा हैं।

गोकुलम गोपालन कर रहे हैं प्रोड्यूस

‘ऑपरेशन गंगा – ए नेशन्स प्रॉमिस’ को गोकुलम गोपालन, श्री गोकुलम मूवीज के बैनर तले प्रोड्यूस कर रहे हैं। बैजू गोपालन और वी. सी. प्रवीण को-प्रोड्यूसर हैं, जबकि कृष्णमूर्ति एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

फिल्म के टाइटल के सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि भारत के इस बड़े रेस्क्यू मिशन को मोहनलाल और विष्णु मोहन किस तरह बड़े पर्दे पर पेश करते हैं।

Related Articles

Back to top button