छत्तीसगढ़

हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की… के जयघोष से गूंजा कवर्धा

दही हांडी उत्सव में शामिल हुए डिप्टी CM विजय शर्मा

कवर्धा। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कवर्धा शहर में आयोजित दही हांडी उत्सव में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए। गांधी मैदान और भारत माता चौक में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने परंपरा के अनुसार ग्वाला समाज के भाइयों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें दही हांडी उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। यादव समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रूप से खुमरी पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

‘हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की’ से गूंजा मैदान

मंच से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहरवासियों और प्रदेशवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ “हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की” का जयघोष किया, जिससे पूरा माहौल कृष्ण भक्ति और उत्साह से गूंज उठा।

विजय शर्मा ने कहा कि गोविंदा उत्सव कवर्धा की गौरवशाली परंपरा है। यह उत्सव समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, कर्म और कर्तव्य के प्रति प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि कृष्ण लीला का संदेश है कि अन्याय और अधर्म पर सदैव धर्म की विजय होती है। उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हजारों लोगों की मौजूदगी से उत्सव में चार चांद

दही हांडी उत्सव में बड़ी संख्या में शहरवासी, समाजजन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कृष्ण भक्ति, जयघोष और उत्सव के माहौल से कवर्धा शहर भक्तिमय नजर आया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, नितेश अग्रवाल सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, यादव समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button