छत्तीसगढ़

भाजपा जवाहर नगर मंडल की बड़ी बैठक: बूथ से लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ तक बनी रणनीति

रायपुर, 10 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी जवाहर नगर मंडल की कार्यसमिति बैठक एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ मंडल कार्यशाला का आयोजन भाजपा रायपुर शहर जिला कार्यालय, एकात्म परिसर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल ने की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर विधानसभा विधायक पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे। इसके अलावा नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव तथा छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।

पुरंदर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर जोर

छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

वहीं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से आम नागरिकों के बीच जाकर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ संगठन की जड़ें बूथ स्तर पर और मजबूत करनी हैं।

13 प्रमुख कार्यक्रमों और 9 विशेष कार्यक्रमों की टीम को दिए गए दायित्व

कार्यशाला में वरिष्ठ नेतृत्व ने संगठनात्मक गतिविधियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ की मंडल टोली, 13 प्रमुख कार्यक्रमों की मंडल टीम तथा 9 विशेष कार्यक्रमों के मंडल संयोजकों को उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।

बैठक में आगामी रणनीति के साथ सदस्यता अभियान, डिजिटल कनेक्टिविटी और बूथ स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन को लेकर भी विशेष रणनीति तैयार की गई।

कार्यक्रम में मंडल क्षेत्र में निवासरत निगम-मंडल के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रदेश व जिला भाजपा मोर्चा-प्रकोष्ठों के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष व पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के मंडल संयोजक, स्थानीय पार्षद, ‘सेवा संकल्प अभियान’ की मंडल टोली, विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजक तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन मंडल नेतृत्व द्वारा किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यसमिति बैठक एवं कार्यशाला का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button