छत्तीसगढ़

सर्विस राइफल की सफाई के दौरान चली गोली, प्रधान आरक्षक की मौत

दंतेवाड़ा, 10 सितंबर 2026। जिले के बचेली स्थित CISF कैंप में सर्विस राइफल की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह पूरा घटनाक्रम थाना बचेली क्षेत्र के CISF कैंप का बताया जा रहा है।

राइफल की सफाई के दौरान हुआ हादसा

मृतक प्रधान आरक्षक की पहचान दत्तात्राया पिता शिवाजी बी. वांगने, निवासी अहिल्यानगर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बचेली स्थित CISF कैंप के 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन क्रमांक-03 में प्रधान आरक्षक दत्तात्राया अपनी सर्विस राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से दो राउंड फायर हो गए।

गोली लगने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव पोस्टमार्टम के लिए दंतेवाड़ा भेजा गया

घटना के बाद मृतक जवान के शव को अपोलो अस्पताल, एनएमडीसी बचेली की मरच्यूरी में रखा गया था। आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया है।

जवान के परिजन भी बचेली पहुंच चुके हैं।

पुलिस और FSL जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, FSL द्वारा घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button