फिर दिखेगा बृज भट्टी का जलवा! विजय वर्मा ने शुरू की ‘मटका किंग’ सीजन 2 की शूटिंग

मुंबई, 17 सितंबर 2026। विजय वर्मा के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। एक्टर ने आखिरकार उस राज से पर्दा उठा दिया है, जिसे लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं। विजय वर्मा ने अपनी हिट सीरीज ‘मटका किंग’ के दूसरे सीजन की शूटिंग शुरू कर दी है।
हाल ही में आध्यात्मिक गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर से आशीर्वाद लेते हुए विजय ने एक पोस्ट शेयर की थी। इसके बाद से ही फैंस कयास लगाने लगे थे कि एक्टर अपने किस नए प्रोजेक्ट की शुरुआत करने जा रहे हैं। अब विजय ने खुद इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
‘मटका किंग’ के पोस्टर के सामने शेयर की सेल्फी
विजय ने सोशल मीडिया स्टोरीज पर प्रोडक्शन ऑफिस से एक सेल्फी शेयर की, जिसमें बैकग्राउंड में ‘मटका किंग’ का पोस्टर नजर आ रहा था। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा- “ऑफिस में…”
इस पोस्ट के बाद साफ हो गया कि विजय जिस “कुछ नए” की तैयारी कर रहे थे, वह कोई और प्रोजेक्ट नहीं बल्कि ‘मटका किंग’ का सीजन 2 है।
सामने आई पहले एपिसोड की स्क्रिप्ट
विजय ने इसके बाद सीजन 2 के पहले एपिसोड की स्क्रिप्ट की एक झलक भी फैंस के साथ शेयर की। स्क्रिप्ट पर लिखा है- “सीज़न 2 x एपिसोड 1: एक और बाज़ी”।
इस सीरीज को अभय कोरान ने बनाया और लिखा है। स्क्रिप्ट की तस्वीर शेयर करते हुए विजय ने कैप्शन में लिखा- “एक और बाज़ी ;)”। खास बात यह रही कि इस दौरान बैकग्राउंड में शो का टाइटल थीम भी सुनाई दे रहा था।
फिर लौटेंगे बृज भट्टी
‘मटका किंग’ के पहले सीजन में विजय वर्मा ने बृज भट्टी का किरदार निभाया था। 1950 के दशक की जुए की दुनिया पर आधारित इस कहानी में उनके किरदार और परफॉर्मेंस को दर्शकों से काफी सराहना मिली थी।
बृज भट्टी के लिए विजय के फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन, रेट्रो लुक और किरदार की बारीकियों ने खूब ध्यान खींचा था। अब सीजन 2 की स्क्रिप्ट सामने आने के साथ ही यह साफ है कि विजय एक बार फिर बृज भट्टी के किरदार में लौटने की तैयारी कर चुके हैं।
फैंस की बढ़ी एक्साइटमेंट
पहले सीजन की सफलता के बाद ‘मटका किंग’ के दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता थी। अब विजय वर्मा ने स्क्रिप्ट की पहली झलक शेयर कर इस एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
“एक और बाज़ी” के साथ बृज भट्टी की नई कहानी किस मोड़ पर जाएगी, यह देखने के लिए अब फैंस की नजरें सीजन 2 पर टिकी हैं।



