धड़कपुर में फिर लौटेगी कॉमेडी की सुनामी! ‘दुपहिया’ सीजन 2 की रिलीज डेट आई सामने

मुंबई, 18 सितंबर 2026। धड़कपुर एक बार फिर लौटने वाला है, लेकिन इस बार यहां की कहानी पहले से कहीं ज्यादा उलझी हुई और मजेदार होने वाली है। प्राइम वीडियो ने अपनी चर्चित हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘दुपहिया’ के सीजन 2 के प्रीमियर की तारीख का ऐलान कर दिया है। सीरीज का नया सीजन 1 अक्टूबर 2026 को भारत समेत दुनियाभर के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव तौर पर प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।
पहले सीजन में दर्शकों को धड़कपुर की मासूमियत, छोटे शहर का देसी अंदाज और जमकर कॉमेडी देखने को मिली थी। अब दूसरे सीजन में यही दुनिया नए किरदारों, नई परेशानियों और पहले से ज्यादा अफरातफरी के साथ वापस आ रही है।
धड़कपुर अब पहले जैसा नहीं रहा!
‘दुपहिया’ सीजन 2 की कहानी काल्पनिक गांव धड़कपुर की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ेगी। हालांकि यह गांव अब पहले जैसा अपराध-मुक्त नहीं रहा है। नए सीजन में पुराने किरदारों के सामने नई चुनौतियां खड़ी होंगी और इन्हीं मुश्किलों के बीच कॉमेडी का डोज भी बढ़ने वाला है।
सीरीज का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। इसे सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले बनाया और निर्मित किया है। वहीं अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग इसके क्रिएटर और राइटर हैं।
पुरानी टोली के साथ नया चेहरा भी जुड़ा
सीजन 2 में पहले सीजन के पसंदीदा कलाकारों की वापसी हो रही है। गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।
वहीं इस बार भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की भी एंट्री हुई है। ऐसे में धड़कपुर की कहानी में उनका अंदाज क्या नया ट्विस्ट लेकर आएगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
‘दुपहिया’ को पहले सीजन में मिला था प्यार
प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया में ओरिजिनल्स (SVOD) के निदेशक एवं प्रमुख निखिल माधोक ने कहा कि किसी कहानी की सफलता तब सबसे ज्यादा मायने रखती है, जब उसके किरदार दर्शकों की रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा बन जाएं। उनके मुताबिक, ‘दुपहिया’ इसका उदाहरण है और पहले सीजन को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली।
उन्होंने कहा कि सलोना और शुभ की रचनात्मक सोच के साथ अविनाश और चिराग की लेखन शैली सीरीज की बड़ी ताकत रही है। अब पसंदीदा किरदार अफरातफरी, चुनौतियों और अप्रत्याशित मोड़ों से भरे नए सीजन के साथ लौट रहे हैं।
इस बार हंसी के साथ इमोशन भी
क्रिएटर्स और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने कहा कि ‘दुपहिया’ की कहानी उनके लिए बेहद खास है। ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि में बनी यह कहानी बड़े सपनों और रोजमर्रा की परेशानियों के टकराव को दिखाती है।
उन्होंने बताया कि सीजन 2 में पुराने प्यारे किरदारों के सामने पहले से बड़ी मुश्किलें होंगी। सीजन में कॉमेडी के साथ-साथ कई ऐसे पल भी देखने को मिलेंगे, जो दर्शकों को भावुक कर सकते हैं।
1 अक्टूबर को फिर खुलेगा धड़कपुर का दरवाजा
अब दर्शकों को धड़कपुर की इस नई अफरातफरी के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर 2026 को होगा। सीरीज भारत के साथ दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जाएगी।



