छत्तीसगढ़

सवा लाख दीयों से जगमगाया मां दंतेश्वरी मंदिर

विजय शर्मा ने किया ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

जगदलपुर, 18 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बस्तर में महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की।

इस मौके पर पूरे बस्तर जिले में सात लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि जगदलपुर शहर में ढाई लाख से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में साढ़े चार लाख दीप जलाए गए।

सवा लाख दीयों से रोशन हुआ मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर

मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इन दीपों के माध्यम से बस्तर की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता और आशीर्वाद व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद की चुनौती से बाहर निकालकर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सुरक्षा बलों के साथ-साथ स्थानीय जनता का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।

‘बारूद की गंध से महुआ की महक तक पहुंचा बस्तर’

विजय शर्मा ने अपने बस्तर प्रवास के अनुभव साझा करते हुए कहा कि लंबे समय तक जिस बस्तर में “बारूद की गंध” का माहौल रहा, वहां अब महुआ की महक और मेलों-मड़इयों की रौनक लौट रही है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अब पहले की तुलना में अधिक बेखौफ होकर अपने आराध्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना और पारंपरिक आयोजनों में शामिल हो पा रहे हैं। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बलों के साहस और जनता के सहयोग का भी उल्लेख किया।

शर्मा ने झीरम के शहीदों को न्याय दिलाने के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि पुराने मामलों की जानकारी संकलित कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

‘पॉलिटिक्स विद परफॉर्मेंस’ का दिया संदेश

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 के बाद देश में हुए विभिन्न नीतिगत बदलावों का उल्लेख करते हुए ‘पॉलिटिक्स विद परफॉर्मेंस’ की बात कही।

उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र का उदाहरण देते हुए एमबीबीएस सीटों में वृद्धि, दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत और देश में एम्स की संख्या बढ़ने का उल्लेख किया। इसके अलावा उन्होंने धारा 370 के प्रावधानों में बदलाव, सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया।

दीपों की रोशनी में विकास का संकल्प

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे और जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भी बस्तर में शांति, विकास और रोजगार के नए अवसरों को लेकर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, संभाग आयुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत CEO तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

सात लाख से अधिक दीयों की रोशनी में आयोजित यह कार्यक्रम बस्तर में शांति, विकास और जनभागीदारी के संदेश के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत का प्रमुख आयोजन रहा।

Related Articles

Back to top button